परिचय

भारतीय वन्य जीव संस्थान, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत प्रतिष्ठित एवं अग्रणी संस्थान है, जो वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है। संस्थान क्षमता निर्माण, अत्याधुनिक अनुसंधान, शैक्षणिक कार्यक्रमों और विशेषज्ञ परामर्श सेवाओं के माध्यम से संरक्षण परिणामों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भा.व.सं. भारत के विविध पारिस्थितिक परिदृश्यों में विभिन्न जैव-विविधता–संबंधितअनुसंधानपहलोंमेंसक्रियरूपसेसंलग्नहै।

हमारे साथ कार्य करें

भा.व.सं.में एक सक्रिय अनुसंधान कर्ता भर्ती एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ (आरआरपी प्रकोष्ठ)है,जिसका उद्देश्य भा.व.सं. परियोजना कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष और प्रौद्योगिकी-आधारित बनाना है। आंतरिक भर्ती सुगम बनाने के साथ-साथ, यह प्रकोष्ठ व्यापक अनुसंधान समुदाय तक प्रासंगिक रोजगार अवसरों की जानकारी पहुँचाने का प्रयास करता है। साथ ही, यह आर. आर. पी प्रकोष्ठ भर्ती संचालन में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने तथा मैनुअल कार्य को कम करने के लिए मजबूत आईटी अवसंरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके मुख्य उद्देश्य

  • विभिन्न परियोजनाओं तथा योजनाओं के लिए अनुसंधान/परियोजना कर्मियों की समय पर और सुगम भर्ती सुनिश्चित करना।
  • विज्ञापनों का शीघ्र प्रकाशन, आवेदनों की छँटाई/प्रसंस्करण तथा कॉल लेटर जारी करने की प्रक्रिया को स्वचालित प्रणालियों के माध्यम से सुचारू बनाना।
  • भौतिक दस्तावेजों के सत्यापन तथा संस्थागत दिशानिर्देशों के अनुसार आवेदनों की शॉर्ट लिस्टिंग के लिए एप्लीकेशन स्क्रीनिंग कमेटी का गठन।
  • साक्षात्कार हेतु कमेटी का गठन करना, तथा सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के उपरांत परिणाम घोषित करना।
  • अनुबंध विस्तार को समय पर सक्षम बनाने हेतु भर्ती विवरण अनुसंधान समन्वयक कार्यालय के साथ साझा करना तथा केंद्रीय डेटाबेस का निर्माण करना।
  • छात्रों एवं अनुसंधान पेशेवरों के लिए बाहरी रोजगार अवसरों की जानकारी सक्रिय रूप से एकत्र कर समय पर प्रसारित करना।

भर्ती प्रक्रिया

लघु-अवधि परियोजनाओं हेतु भर्ती (अवधि ≤ 6 माह)

लघु अवधि परियोजनाओं के लिए प्रधान अन्वेषक, उम्मीदवारों के अनुभव और परियोजना प्रासंगिकता के आधार पर आवेदन या आत्मवृत आमंत्रित कर कर्मियों की भर्ती कर सकते हैं। प्रधान अन्वेषक का चयन के लिए लिखित औचित्य सहित सभी संबंधित दस्तावेजों का ई-फ़ाइल में आर आर पी सेल को प्रस्तुत करना आवश्यक है। कार्यालय आदेश जारी करने से पूर्व सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति अनिवार्य है। इस श्रेणी में परियोजना अवधि से अधिक विस्तार की अनुमति नहीं है।

हमारे साथ कार्य करें 1

रिक्तियों का विज्ञापन

  • प्रधान अन्वेषक अथवा नोडल अधिकारियों से आवश्यकताएँ प्राप्त होने और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद, आर आर पी सेल भा .व .सं की आधिकारिक वेबसाइट (www.wii.gov.in) एवं सोशल मीडिया पर विज्ञापन प्रकाशित करता है।
  • विज्ञापन में पात्रता मानदंड, भूमिकाएँ एवं जिम्मेदारियाँ, नियम एवं शर्तें तथा अंतिम तिथियाँ विस्तृत रूप से दी जाएंगी।
  • सभी पद परियोजना अवधि हेतु अस्थायी/संविदात्मक होंगे, और परियोजना समाप्ति पर समाप्त हो जाएंगे।
  • इच्छुक उम्मीदवारों को स्व-हस्ताक्षरित दस्तावेजों एवं निर्धारित शुल्क सहित हस्तलिखित हस्ताक्षर (डिजिटल/फोटो कॉपी स्वीकार नहीं) वाले पूर्ण आवेदन प्रपत्र जमा करने होंगे।
  • आवेदन डाक द्वारा निम्न पते पर भेजे जाएँ (यदि विज्ञापन में अन्यथा निर्दिष्ट न हो):

नोडल अधिकारी,

अनुसंधान भर्ती एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ,
भारतीय वन्य जीव संस्थान, चंद्रबनी,
देहरादून – 248001, उत्तराखंड
यहां मेल करें: rpcell [at] wii [dot] gov [dot] in

आवेदन प्रक्रिया

  • उम्मीदवारों को विज्ञापन में दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी जमा करना होगा। संस्थान जल्द ही पूर्ण डिजिटल, पेपरलेस आवेदन प्रक्रिया लागू करने की दिशा में कार्य कर रहा है और जल्द ही कागज रहित आवेदन प्रणाली में परिवर्तित हो जाएगा।
  • निदेशक, भा .व . सं किसी भी अपूर्ण या नियमों का पालन न करने वाले आवेदन को अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार रखते हैं।
  • भर्ती, चयन एवं उन्नयन से संबंधित सभी नियम संस्थान की आर आर पी नीति के अनुसार होंगे।